शान से निकली बाबा श्याम की सवारी

बाबा श्याम के रंग में रंगे श्याम प्रेमी
 


adhikarinews,sirsa: सिरसा की अनाज मंडी स्थित श्री श्याम बगीची मंदिर से बृहस्पतिवार को खाटू वाले बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर विशाल नगर यात्रा का आयोजन किया गया। श्याम बगीची मंदिर के प्रधान पवन गर्ग ने बताया कि सुबह सवा सात बजे मंदिर प्रांगण में पूजा अर्चना की गई व हवन यज्ञ किया गया।

मंदिर के पुजारी राकेश कुमार शास्त्री व शशिकांत शुक्ला ने पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना करवाई। बाबा श्याम को फूलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया। सभी श्याम भक्तों ने बाबा श्याम की आरती की। उसके बाद विशाल शोभा यात्रा श्याम बगीची से आरंभ हुई। शोभा यात्रा में 1100 महिला एवं पुरुष श्रद्धालु बाबा निशान लिए हुए चल रह थे।

शोभा यात्रा में सबसे आगे शहर की मशहूर बैंड पार्टी धार्मिक धुन बजाते हुए चल रही थी। उसके पीछे श्याम प्रेमी ध्वजा लिए हुए श्याम के भजनों पर नाचते हुए चल रहे थे। शोभा यात्रा में भगवान भोलेनाथ व हनुमान जी झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शिव भोले व भोले के गणों का रुप धरे हुए कलाकारों ने शंकर भोले के भजनों पर शानदार नृत्य किया।

शोभा यात्रा का शहर में जगह जगह श्रद्धालुजनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। रास्तें कई जगहों पर श्रद्धालुओं द्वारा श्याम भक्तों को जलपान भी करवाया गया। शोभा यात्रा श्याम बगीची से शुरु होकर जनता भवन रोड, सरदार जगदेव सिंह चौक, शिव चौक, भगवान तुलसी चौक, सिटी थाना रोड, सदर बाजार, आर्य समाज रोड, भगवान परशु राम चौक, हिसारिया बाजार, भगत सिंह चौक, रोड़ी बाजार, पुरानी सब्जी मंडी रोड होते हुए श्याम बगीची में पहुंचकर संपन्न हुई।

बाबा श्याम को भोग लगाकर भंडारे का शुभारंभ किया गया जिसमें सभी श्याम भक्तों ने बाबा का प्राद ग्रहण किया।